मंडी। आईआईटी मंडी में एग्जोडिया टेक्नीकल कल्चरल फेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को तकनीक के साथ मनोरंजन का भी खूब तड़का लगा। दूसरे दिन जंक यार्ड वार, रोबो हर्डल रेस, रोबो वार में विभिन्न संस्थानों के प्रशिक्षुओं ने तकनीक का खेल दिखाया। वहीं, इंजीनियर इंपोरियम में प्रशिक्षु इंजीनियरों ने अनोखे मॉडल पेश किए। ग्रुप डांस इवेंट में प्रशिक्षुओं ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ बैंड स्लैम में आठ कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया। वहीं, ग्रुप डांस में 60 से अधिक कॉलेजों के प्रतिभागियों ने डांसिंग टेलेंट दिखाया। फेस्ट में देशभर के 60 से अधिक संस्थान भाग ले रहे हैं। जिसमें एनआईटी कुरुक्षेत्र, डीटीयू, पीईसी चंडीगढ़, एनआईटी हमीरपुर, आईआईटी रोपड़, एनआईएफटी कांगड़ा, एनआईटी हमीरपुर, एलपीयू समेत कई कॉलेज शामिल हैं। फेस्ट के दूसरे दिन छह बजे के बाद फैशन शो का आयोजन भी किया गया। जिसको मिस दिल्ली प्रतियोगिता की रनरअप रूशाली राय से जज किया। वहीं, फेस्ट के अंतिम दिन आईपीएल ऑस्कन, एग्जोडिया आइडल, संदीप शर्मा की स्टैंड अप कॉमेडी शो समेत कई इवेंट आयोजित होंगे।
फेस्ट के मीडिया समन्वयक ऋषिकेष सागर और आयोजक परम कश्यप तथा प्लानिंग मैनेजर हरदीप मलिक ने बताया कि इस बार कई नए इवेंट से फेस्ट को रोचक बनाया गया है। देशभर से 60 से अधिक इंजीनियरिंग संस्थानों के प्रशिक्षु इवेंट में भाग ले रहे हैं।