बैहना (मंडी)। बल्ह घाटी के गांव बैहना के फोरलेन प्रभावित किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से चार गुना मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने चुनावों के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, विधायक इंद्र सिंह गांधी की ओर से बैहना गांव में जनसभा में किए वायदों को याद दिलाया है। प्रभावित किसान संगठन बैहना के सचिव धर्मपाल ने बताया कि नवंबर 2017 में जब बैहना गांव में जनसभा हुई तो केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने चार गुना मुआवजे का एलान किया था। उस समय लोगों ने केंद्रीय मंत्री के ध्यान में लाया था कि तत्कालीन प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने फेक्टर एक लगाकर जमीन के अधिग्रहण का दो गुना मुआवजा दिया है जो किसी भी हालत में तर्कसंगत नहीं है। इस पर उन्होंने मंच से कहा था कि वह भाजपा को वोट दें। प्रदेश में भाजपा सरकार बनाएं और सत्ता में आते ही प्रभावित किसानों को चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। प्रभावित किसान संगठन का कहना है कि अब प्रदेश में भाजपा सरकार को बने 100 दिन होने वाले हैं। मगर अभी तक सरकार ने फोरलेन प्रभावितों के जख्मों पर मरहम लगाने का कोई काम नहीं किया है। प्रभावित किसानों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया है कि वह किसानों की उचित मांगों के मद्देनजर चार गुणा मुआवजा दिलाएं।