गोहर (मंडी)। गोहर कांढा सड़क पर बंगला नामक स्थान पर एक कार के अनियंत्रित होकर खेतों में गिर जाने से पंचायत प्रधान और सचिव समेत दो अन्य लोग जख्मी हो गए। घायलों में ग्राम पंचायत खारशी की प्रधान वीना देवी, सचिव ठाकरी देवी निवासी धंग्यारा, भवनेश्वरी देवी उर्फ पिंकी निवासी डुघल और अध्यापक कुलदीप कुमार निवासी खारशी बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नागरिक चिकित्सालय गोहर भर्ती किया गया है। जहां से भवनेश्वरी देवी उर्फ पिंकी को गंभीर हालत में मंडी रेफर किया गया है। एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने सड़क हादसे की पुष्टि की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खारशी पंचायत से सभी लोग कार में सवार होकर गोहर के लिए रवाना हुए। कार को चालक और कार मालिक कुलदीप कुमार चला रहा था। इस दौरान चालक गोहर के समीप बंगला नामक स्थान पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य के लिए घटना स्थल की ओर भागे। ग्रामीणों ने कार से सभी घायलों को निकाला और 108 की मदद से घायलों को उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय गोहर भर्ती किया गया। जहां से डुघल निवासी भवनेश्वरी देवी को मंडी रेफर किया गया है। गोहर नागरिक चिकित्सालय में तैनात एमडी डा. रोशन ठाकुर ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। एसएचओ मनोज वालिया ने बताया कि चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर दिया है।