मेले के शुभारंभ पर अव्यवस्था देख भड़के विधायक
छेश्चू मेले में बारिश से बचने को टेंट तक लगाने के पैसे नहीं
विधायक के भड़कने पर मेला कमेटी ने फंड की कमी का दिया तर्क
अमर उजाला ब्यूरो
रिवालसर (मंडी)। त्रिवेणी धर्मस्थली रिवालसर के राज्यस्तरीय छेश्चू मेले पर फंड की कमी भारी पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि मेला कमेटी के पास यहां पर बारिश से बचने के लिए टेंट तक लगाने के पैसे नहीं हैं। शनिवार को मेले के शुभारंभ समारोह में मेला कमेटी के प्रबंधन की पोल खुल गई। बारिश के चलते लोगों को समारोह में भीगना पड़ा। राज्य स्तरीय छेश्चू मेले के उद्घाटन समारोह में प्रबंधन में खामियों के चलते मुख्यातिथि विधायक बल्ह इंद्र सिंह भी भड़क गए। उधर, अव्यवस्था पर मेला कमेटी ने फंड की कमी का तर्क दिया है। जानकारी के अनुसार सभा स्थल पर सही प्रबंधन न होने के कारण समारोह में शरीक होने आए लोगों को बारिश में भीगना पड़ा, जिसे देख कर विधायक भड़क गए और उन्होंने आयोजकों को फटकार लगाई। आनन-फानन में आयोजकों ने व्यवस्था को दुरुस्त करने की बजाय कार्यक्रम को ही समेटना सही समझा। वहीं, नगर पंचायत के पार्षद भी उचित मान-सम्मान न मिलने के चलते सभा स्थल पर उखड़े ही नजर आए। वहीं, विधायक ने जब मेला कमेटी को खरी खोटी सुनाई तो माहौल और गर्मा गया। विधायक ने अधिकारियों को नसीहत दी कि भविष्य में बल्ह में जितने भी कार्यक्रम होंगे, उनके आयोजनों की बैठकें मेरी अध्यक्षता करना सुनिश्चित की जाएं। भविष्य में कार्यक्रमों को मौसम के मिजाज के हिसाब से पुख्ता इंतजाम कर आयोजित किया जाए।
मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम बल्ह अश्वनी कुमार ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा। व्यवस्था में खामियों को सुधारा जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन को लेकर फंड की कमी भी आड़े आ रही है।