सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर में एक ही नंबर के दो वाहन सड़क पर दौड़ रहे हैं। शनिवार रात करीब आठ बजे नगर परिषद कार्यालय के पास जब दोनों वाहन एक साथ खड़े किए गए तो इनके नंबर एक समान होने का पता चला है। इनमें से एक वाहन पुराना बाजार निवासी धर्मेंद्र गुप्ता के नाम पर 2009 से सुंदरनगर स्थित मोटर वाहन प्राधिकरण के पास पंजीकृत है। लेकिन, जो दूसरा वाहन है वह बिल्कुल नया है उस पर पहले से पंजीकृत वाहन का नंबर किस आधार पर है, यह पता नहीं चल पाया है। हैरानी की बात तो यह है कि दोनों ही वाहन महेंद्रा कंपनी के बने हुए हैं।
धर्मेंद्र गुप्ता ने अपने वाहन के नंबर वाला एक और वाहन शहर में घूमने की पुलिस के पास शिकायत दर्ज करा दी है। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर के पुराना बाजार निवासी धर्मेंद्र गुप्ता के पास महेंद्रा कंपनी का जायलो मॉडल का वाहन है जिसे उन्होंने 2009 में खरीदा था और उसका पंजीकरण सुंदरनगर में मोटर वाहन प्राधिकरण के पास 2 जून 2009 को कराया है। जिसके पंजीकरण 1 जून 2024 तक का है। शनिवार रात करीब 8 बजे जब धर्मेंद्र गुप्ता पुराना बाजार से चतरोखड़ी की ओर जा रहे थे तो उन्होंने नगर परिषद के कार्यालय के पास किसी काम से अपना वाहन सड़क किनारे रोका। उस दौरान जब वह सड़क पर उतरे तो देखकर हैरान रह गये कि उनके नंबर वाला एक और वाहन वहीं बगल में खड़ा हुआ है। जो महेंद्रा कंपनी के टीयूवी 100 मॉडल का है और अभी नया ही है। लेकिन काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब दूसरे वाहन का मालिक न आया तो धर्मेंद्र गुप्ता जो अपने परिवार के साथ थे, लौट गये। रविवार सुबह धर्मेंद्र गुप्ता ने उनके नंबर वाली एक और गाड़ी सुंदरनगर में घूमने की शिकायत सुंदरनगर थाना में दर्ज करा दी है। वहीं अपने वाहन के पंजीकरण के दस्तावेज भी पुलिस को सौंप कर दूसरा वाहन किसका है, इसका पटाक्षेप करने की मांग की है। इधर, यह भी आशंका जताई जा रही कि मंडी जिला में गत माह चोरी किए काफी संख्या में वाहन बरामद किए गए थे। जिन पर फर्जी नंबर दर्ज थे। कहीं यह दूसरा वाहन भी चोरी का तो नहीं है क्योंकि यह भी महेंद्रा कंपनी का बना हुआ है और इनका मॉडल भी देखने में एक सा लगता है। थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया पुलिस ने शिकायत मिलने पर छानबीन शुरू कर दी है।