बालीचौकी (मंडी)। बस सुविधा पर्याप्त न होने के चलते लोग जान जोखिम में डाल कर सफर करने को मजबूर हैं। बालीचौकी से कोटला चल रही सरकारी बस इसका उदाहरण है। यहां बसों की कमी से लोग बेहाल हैं। कई दिन से ओवरलोडिंग का क्रम जारी है। 37 सीटर कोटला बस में चालक और परिचालक क्षमता से अधिक सवारियां ठूंस ठूंस कर भर रहे हैं। स्थानीय लोगों चुनी ठाकुर, दिनेश ठाकुर और उमेश ने कहा कि 10 किलोमीटर का सफर जान को जोखिम में डालकर करना पड़ता है। बस खचाखच भरी हती है। बुजुर्गों और बच्चों को यहां पर खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हर दिन बस में क्षमता से अधिक ही सवारियां होती हैं, जिससे यहां पर कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने यहां पर अतिरिक्त बस सेवा की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि यहां पर बस सुविधा की कमी के कारण लोगों को जान जोखिम में डाल कर सफर करना पड़ रहा है। लोगों ने निगम प्रबंधन से यहां पर अतिरिक्त बस सेवा की मांग की है। आरएम कुल्लू मंगल चंद ने कहा कि हाल में ही कार्यभार संभाला है। मामले की जांच की जाएगी। बसों में ओवरलोडिंग कतई बर्दाश्त नहीं होगी।