मंडी। मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित राष्ट्रीय सेपकटाकरा चैंपियनशिप में डबल इवेंट में छात्र वर्ग में आंध्र प्रदेश चैंपियन बना है। जबकि, छात्रा वर्ग में इस इवेंट में तमिलनाडु की टीम जीती है। चैंपियनशिप का शुक्रवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मंडलायुक्त अक्षय सूद ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं, एडीसी अश्वनी कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। समापन समारोह में छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
सेपकटाकरा संघ के प्रदेशाध्यक्ष पीएन आजाद ने कहा कि छात्र वर्ग के डबल इवेंट में द्वितीय स्थान पर बिहार और तृतीय स्थान पर असम और उत्तराखंड की टीमें रही। छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान पर तमिलनाडु, द्वितीय पर बिहार और तीसरे और चौथे स्थान पर राजस्थान और दिल्ली की टीमें रही हैं। हिमाचल प्रदेश को डबल इवेंट के छात्रा वर्ग में सांत्वना पुरस्कार मिला है। टीम इवेंट छात्र वर्ग में मणिपुर चैंपियन बना है। जबकि, दिल्ली द्वितीय और तीसरे स्थान पर तमिलनाडु और हरियाणा की टीम रही। छात्रा वर्ग के टीम इवेंट में विजेता मणिपुर, द्वितीय उड़ीसा और तीसरे और चौथे स्थान पर उत्तर प्रदेश और असम की टीम रही है। रेगु इवेंट में छात्र वर्ग में मणिपुर प्रथम, दूसरे स्थान पर तमिलनाडु और तीसरे स्थान पर दिल्ली और हरियाणा की टीम रही। छात्रा वर्ग में प्रथम स्थान पर उड़ीसा, द्वितीय मणिपुर और तीसरे और चौथे स्थान पर नगालैंड और उत्तर प्रदेश की टीमें रहीं। इस अवसर पर भारतीय सेपकटाकरा संघ के महासचिव योगेंद्र सिंह दहिया, पंजाब के प्रधान जेएस संधू, दिल्ली के प्रधान नरेश कुमार, कर्नाटक के प्रधान डाक्टर वीरे गौड़ा, केरल के प्रधान मोहनन, पश्चिम बंगाल के विमल पॉल, झारखंड के सुरेंद्र दुबे, राजस्थान के टीके सिंह, बिहार से विजय कुमार, चंडीगढ़ से भूपेंद्र पाल उपस्थित रहे।