फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी में स्वाइन फ्लू की दस्तक, सुंदरनगर में पहला पॉजिटिव मामला

विज्ञापन
विज्ञापन
मंडी/सुंदरनगर। सरकारी नौकरी में तैनात युवक की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। पिछले कुछ दिनों से युवक बीमार था और उसे तेज बुखार आ रहा था। पहले तो कुछ दिन घर पर दवा लेते रहे, जब बुखार कम न हुआ तो उसे उपचार के लिए यहां के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने संदेह के आधार पर उसे मंडी स्थित जोनल अस्पताल में स्वाइन फ्लू के टेस्ट के लिए भेजा। टेस्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। चिकित्सकों ने बीमार युवक को आईजीएमसी रेफर कर दिया है। लेकिन, परिजन युवक को चंडीगढ़ पीजीआई ले गए हैं। फिलहाल मरीज का पीजीआई में उपचार चल रहा है। नागरिक अस्पताल सुंदरनगर के प्रभारी डॉ. मुस्सरत जावेद ने क्षेत्र में स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युवक के परिवार व आस पड़ोस में रहने वाले लोगों को फ्लू से बचाव के लिए टैमी लू मेडिसन दे दी गई है। विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। इससे पहले भी स्वाइन फ्लू के दो संदिग्ध मामले आए थे। लेकिन, टेस्ट में स्वाइन फ्लू नहीं निकला था।
विज्ञापन


क्या है स्वाइन फ्लू
एनएच 01 इन्फ्ल्यूएंजा या स्वाइन फ्लू दरअसल चार वायरस के संयोजन के कारण होता है। यह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैलता है। जोखिम का विषय यह है कि एक नया वायरस स्ट्रीम बन जाने के कारण कोई भी इससे अप्रभावित नहीं है। लिहाजा प्रत्येक व्यक्ति को इस संक्रमण के प्रति संवेदनशील रहना जरूरी है।

लक्षण और बचाव
बुखार, खांसी, सिरदर्द, कमजोरी और थकान, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, गले में खराश, नाक बहना आदि इसके मुख्य लक्षण हैं। वहीं बचाव से ही इस बीमारी से बचा जा सकता है। खांसी अथवा छींक के समय अपने चेहरे को टिश्यू पेपर से ढककर रखें। टिश्यू पेपर को सही तरीके से फेंके अथवा नष्ट कर दें। अपने हाथों को किसी हैंड सेनिटाइजर द्वारा नियमित साफ करें। अपने आसपास हमेशा सफाई रखें।
विज्ञापन

आपको क्या करना चाहिए
यदि आपको फ्लू के लक्षण महसूस हो रहे हैं तो सावधान हो जाएं। भले ही आपने हाल में कोई यात्रा की हो या नहीं, तुरंत डाक्टर के पास जाएं। यदि टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि फ्लू का एंटी वायरल ड्रग टैमी फ्लू के जरिए इलाज किया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें