मंडी। कोटखाई में दसवीं की छात्रा से गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मंडी में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। व्यापार मंडल के आह्वान पर दोपहर 12 बजे तक कारोबारियों ने मंडी शहर के अधिकांश बाजार बंद रखे। इसी दौरान भाजपा ने शहर में रैली निकालते हुए चौहाटा बाजार में जमकर हंगामा किया। पुलिस की मौजूदगी के बीच बाजार में लोक संपर्क कार्यालय के बाहर सीएम का पुतला फूंका। माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया। सीएम के पुतले को आग लगाते वक्त प्रदर्शनकारी सिविल में तैनात पुलिस वालों से उलझे। इसी बीच पुतले की छीनाझपटी शुरू हो गई और पुलिस और प्रदर्शनकारियों में धक्का मुक्की तक हुई। उधर, व्यापार मंडल के आह्वान पर दोपहर 12 बजे तक शहर के अधिकांश बाजार बंद दिखे। जबकि आस पास के क्षेत्रों में बंद का मिला जुला असर रहा। बंद के दौरान कुछ देर के लिए लोगों को रोजमर्रा की वस्तुओं को लेकर परेशानी झेलनी पड़ी।
भाजपाइयों ने सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान भाजपाइयों ने डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि कोटखाई में दसवीं के छात्रा के रेप और कत्ल के मामले में सरकार और पुलिस की कार्यशैली लापरवाहपूर्ण रही है। गुड़िया के हत्यारोपी सूरज की पुलिस लॉकअप में हत्या इस सारे केस की पोल खोल रही है। पूरे प्रकरण में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मानों प्रदेश में सरकार नाम की चीज नहीं। अराजकता का आलम है। इस दौरान जांच पूरी होने तक मामले की सुनवाई दिन प्रतिदिन फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वारा कराने की मांग की गई। इस दौरान विधायक जयराम सहित अन्य भाजपाई मौजूद रहे।
व्यापार मंडल ने सीएम को भेजा ज्ञापन
व्यापार मंडी के अध्यक्ष अशोक कपूर, वरिष्ठ उपप्रधान अशोक कुमार सेठी, उपप्रधान नितिन कपूर, महासिचव राजेश महेंद्रू, सचिव दीनानाथ सेनी और हरमीत सिंह बिट्टू ने बताया कि शहर के अधिकांश बाजार दोपहर 12 बजे तक बंद रहे। मंडी व्यापार मंडल ने कोटखाई में दसवीं की छात्रा से गैंगरेप और हत्या पर रोष व्यक्त किया है। साथ ही मामले में दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
धर्मपुर में भी एबीवीपी का प्रदर्शन
धर्मपुर (मंडी)। एबीवीपी की धर्मपुर इकाई ने शुक्रवार को कॉलेज परिसर में कोटखाई में छात्रा की गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में हो रही जांच को लेकर प्रदर्शन किया। एबीवीपी की धर्मपुर इकाई ने प्रदेश सरकार से सारे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है। कहा कि कोटखाई की गुड़िया को जब तक न्याय नहीं मिलता तब तक परिषद आंदोलन जारी रखेगी। इस अवसर पर एबीवीपी के रजत, लवली, शुभम, कर्ण, केवल, अनुराधा, कंचना, सुषमा, सुमन आदि मौजूद रहे।