मंडी। खसरा रोग को जड़ से खत्म करने के लिए जुलाई माह में मंडी जिला में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने जिला स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया गया। टास्क फोर्स की बैठक मंगलवार को उपायुक्त मंडी संदीप कदम की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने बताया कि मंडी जिला में नौ से 15 साल तक के तीन लाख विद्यार्थियों को इस अभियान के तहत वैक्सीन दी जाएगी। वर्ष 2020 तक खसरा रोग के बैक्टीरिया को नियंत्रित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सुचारु रूप से चलाने के लिए स्कूली विद्यार्थियों, आंगनबाड़ी केंद्रों, महिला और युवक मंडलों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को मोबाइल टीमों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में बच्चों को वैक्सीन दी जाएगी तथा छूटे बच्चों के लिए मोबाइल टीमों के माध्यम से भी वैक्सीन दी जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों के मुखिया व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। बैठक में सीएमओ डा. देशराज शर्मा, एमओएच डा. जोगिंद्र ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी डा. अनुराधा, डब्ल्यूएचओ की डा. उरवीन शाह, डा. अरिंदम राय व सभी बीएमओ उपस्थित रहे।
अमर सिंह चंदेल बने सरकाघाट बार एसोसिएशन के प्रधान
सरकाघाट (मंडी)। चुनाव अधिकारी अधिवक्ता संदीप वशिष्ठ की देखरेख में सरकाघाट बार एसोसिएशन के चुनाव हुए। तिकोने मुकाबले में वरिष्ठ अधिवक्ता अमर सिंह चंदेल ने सात मतों के अंतर से विजय हासिल की जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता किशोर वर्मा को 30 मत पड़े और तीसरे उम्मीदवार विदेश पालसरा को 27 मत हासिल हुए। इससे पूर्व उपाध्यक्ष और महासचिव का चुनाव निर्विरोध हुआ था, जिसमें नरेश शर्मा और महासचिव के पद पर अधिवक्ता हितेश गुलेरिया चुने गए थे। निवर्तमान अध्यक्ष अजय जम्वाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अपनी ओर से बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं।