बग्गी में बुनाई प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक/बग्गी (मंडी)। वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार की ओर से राज्य हैंडीक्राफ्ट एंड हैंडलूम निगम मंडी के सहयोग से ग्राम पंचायत बग्गी में हाटेश्वरी हैंडलूम में 50 दिवसीय स्वेटर बुनाई प्रशिक्षण कार्यशाला का आगाज हुआ। मंगलवार को कार्यशाला का शुभारंभ हैंडलूम निगम मंडी के जिला प्रभारी एवं समन्वयक अक्षय कुमार ने किया।
उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण का भरपूर लाभ उठाने की अपील की। कार्यशाला में क्षेत्र की 20 महिलाएं भाग ले रही हैं। हाटेश्वरी हैंडलूम के प्रधान सिधु राम भारद्वाज ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यशाला न केवल महिलाओं को नए डिजाइन सीखने का अवसर देगी, बल्कि उन्हें स्वावलंबन की दिशा में सशक्त बनाएगी। डिजाइनर कृष्ण बंसल ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यशाला में लेडीज एवं जेंट्स स्वेटर, बच्चों के सेट, लेडीज पर्स सहित अन्य नीटिंग की यूनिक आइटम्स तैयार करना सिखाया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के उपप्रधान दया राम, संजय ठाकुर, हैंडीक्राफ्ट विभाग नई दिल्ली के डिजाइनर कृष्ण बंसल, मास्टर ट्रेनर विमला देवी आदि मौजूद रहे।