जोगिंद्रनगर(मंडी)। जोगिंद्रनगर बस अड्डे में उस समय पुलिस को अधिक जवान तैनात करने पड़े जब आपस में होली खेलते-खेलते युवा हुल्लड़बाजी करने लगे। यह युवा देखते ही देखते यात्रियों को रंग डालकर परेशान कर रहे थे। कई युवक बाइकों पर से लोगों पर रंग फेंक रहे थे। ऐसे में होली से पहले ही होली के नाम पर लोगों को परेशान करने वाले इन युवाओं पर पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। हद तब हो गई जब इन युवाओं में युवतियां भी शामिल हो गईं। पुलिस ने हुड़दंग मचा रहे कुछ युवाओं को भारी जुर्माना लगाकर भी दंडित किया और कुछ को शहर से बाहर खदेड़ा। बिगड़ते हालात को देखकर स्थानीय लोगों व अड्डा प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में सूचना दी। कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए काफी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। यातायात पुलिस ने शिकंजा कसते हुए भारी जुर्माने से भी दंडित किया। गौर हो कि होली से एक दिन पहले काफी संख्या में ग्रामीण शहर में खरीदारी करने पहुंचे थे, जबकि शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी वार्षिक परीक्षाओं को देने के लिए आए थे, जिन्हें हुड़दंगियों ने होली के रंग में रंग डाला।
उधर, थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने कहा कि शहर में युवा-युवतियों की होली से पहले सार्वजनिक स्थानों में हुड़दंग मचाने की सूचना स्थानीय पुलिस को मिली थी। शहर में पुलिस बल तैनात किया गया था। तेज रफ्तार बाइक चालकों पर भी शिकंजा कसा है।