मंडी। बर्फबारी से लोगों की दुश्वारियां अभी तक कम नहीं हुई हैं। सराज घाटी में रविवार को एक बार फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। जबकि जिले के निचले इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने से शीत लहर बढ़ गई है। तापमान में भारी गिरावट के कारण जिलावासी कड़ाके की ठंड में भारी परेशानियों से गुजर रहे हैं।
अभी तक चार मार्ग ही बहाल हो पाए हैं, जबकि सराज और नाचन की कई सड़कों पर अब तक बर्फ ने कोहराम मचाया हुआ है। अभी भी करीब 21 मार्ग बंद हैं। हालांकि लोनिवि कर्मचारी और जेसीबी सड़कों को बहाल करने में जुटे हुए हैं। वहीं कई क्षेत्रों में अब तक बिजली और पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है। इसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई सड़कों के बंद होने के कारण कई वाहनों को अब तक नहीं निकाला जा सका है। लोगों को बसों की सेवाएं नहीं मिलने के कारण आने जाने में भारी परेशानी हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए निगम की बसों को दुर्गम क्षेत्रों में जाने से रोक दिया गया है। जंजैहली लोनिवि के अधिशाषी अभियंता केके कश्यप का कहना है भारी बर्फबारी के चलते अभी भी 21 मार्ग बंद हैं। जेसीबी और कर्मचारी मार्गों को बहाल करने में जुटे हुए हैं और जल्द ही मार्गों को बहाल कर दिया जाएगा।
सराज के छतरी-गाड़ागुशैणी, गाड़ागुशैणी-टपनाली घाट, बिलागाड़-मगरूगला, छतरी-जंजैहली, केलोधार-छतरी, नागन-छतरी, जंजैहली-भखरोल, बुंग-बलवाड़, जरोल-जुगांद, डमेंग-चैल जंजैहली, लंबाथाच-चियूणी, लंबाथाच-शिलीबागी, थुनाग-शाफड़, थलौट-पंजाई, थाची-डीडर, सुधराणी-थाटा, थाटा-समबलबास, केलो तांदी-थुनाग, बगस्याड़-बदीन, कांढा-बदीन, पंडोह-कांढा, आदि सड़कों पर वाहनों और बसों की आवाजाही ठप पड़ी हुई है। जबकि बरोट, थरटुखोड़, पंजाई, पंजाल परोड़ा, बगस्याड़, भुलाह, जंजैहली, चियूणी, माहुनाग, सराची में कई वाहन फंसे हुए हैं।