सुंदरनगर (मंडी)। मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जड़ोल के पास एक चलती कार में आग लग गई। कार मेें सवार तीन युवकों ने कूद कर अपनी जान बचाई। हादसा शुक्रवार सुबह पेश आया। तीनों युवक बिलासपुर से सुंदरनगर की ओर आ रहे थे। कार पूरी तरह जलकर राख हो गई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 9 बजे के करीब एक मारुति कार बिलासपुर से सुंदरनगर की तरफ आ रही थी। इसमें तीन युवक सवार थे। तीनों ही सुंदरनगर बहुतकनीकी कॉलेज के छात्र हैं। कार के मालिक मोहित पुत्र दुर्गादास निवासी चैलचौक ने बताया कि वह अपने दो दोस्तों रॉकी और सौरभ के साथ कॉलेज आ रहे थे तो जड़ोल के पास कार से धमाके की आवाज आई। उन्होंने गाड़ी से तुरंत छलांग लगा दी। देखते ही देखते गाड़ी में आग लग गई। युवकों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी और मौके पर पहुंच फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कार जल कर पूरी तरह से राख हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही सलापड़ पुलिस चौकी की टीम भी मौके पर पहुंच गई और घटना के कारणों की जांच में जुट गई। जड़ोल निवासी प्रत्यक्षदर्शी पवन कुमार ने बताया कि चलती कार में आग लगी और उसमें सवार तीनों युवकों ने समय रहते कूद कर अपनी जान बचाई। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते युवक गाड़ी से नहीं कूदते तो एक बड़ा हादसा पेश आ सकता था। डीएसपी सुंदरनगर तरनजीत सिंह ने बताया कि कार में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा था और घटना के हर पहलू की गहनता से जांच जारी है।