मंडी। आईटीबीपी की 11वीं वाहिनी सिक्किम में तैनात मंडी सदर के चलोह गांव के जवान कर्म सिंह का दाह संस्कार राजकीय सम्मान के साथ रविवार को उनके पैतृक गांव में किया गया। ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से 11 अक्तूबर को उनकी मौत हो गई थी। रविवार को उनका पार्थिव शरीर करीब 10 बजे उनके पैतृक गांव चलोह पहुंचा। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया गया। इस दौरान कुल्लू की दूसरी वाहिनी आईटीबीपी के जवान और मंडी पुलिस के जवान मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कोई भी अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच पाया। न ही कोई बड़ा नेता अंतिम संस्कार में पहुंचा। शव पहुंचते ही उनके घर पर सैकड़ों लोग पहुंच गए थे और शव यात्रा में भी सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। मुखाग्नि उनके बेटे अमन और बेटियों चेतना और कृतिका ने दी। जवान के परिवार के अन्य सदस्यों में पत्नी हिमाचली देवी, माता द्रोमती देवी हैं।