सुंदरनगर (मंडी)। सुकेत क्रिकेट अकादमी की ओर आयोजित अंडर-14 सुकेत क्रिकेट कप में मनदीप इलेवन ने आर्यन इलेवन को 12 रनों से मात देकर ट्राफी अपने नाम की। रविवार को राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के खेल मैदान में प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। इस मौके पर समाजसेवी अनिल ठाकुर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे, जबकि मान सिंह रावत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सुकेत क्रिकेट अकादमी के संयोजक एवं कोच रविकांत जम्वाल ने अतिथियों को सम्मानित किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। फाइनल मैच में मनदीप इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 133 रन बनाए। मनदीप इलेवन की ओर से अभिनव ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। 134 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यन इलेवन की टीम महज 7 विकेट पर 121 रन ही बना सकी। आर्यन इलेवन की ओर से नमन ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। विजेता मनदीप इलेवन की टीम को मुख्यातिथि ने ट्राफी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। खेल में हार जीत होती रहती है, लेकिन खेल को खेल भावना के साथ खेलना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतियोगिता की ट्राफी जीतने के लिए विजेता टीम को बधाई दी और उपविजेता टीम को भविष्य में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।