अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी )।
शहर के सब्जी विक्रेता, ढाबा मालिकों, गैस ऐजेंसी, फूड एंड सप्लाई विभाग तथा नगर पंचायत के अधिकारियों की बैठक एसडीएम कार्यालय में हुई। इसकी अध्यक्षता एसडीएम दीप्ति मंढोत्रा ने की। एसडीएम ने सब्जी विक्रेताओं सहित शहर और इसके आस-पास कारोबार करने वाले दुकानदारों को आदेश दिए कि वे दुकानों में रेट लिस्ट लगाएं। ताकि उपभोक्ताओं को कोई भी वस्तु खरीदने से पहले मूल्य सूची से उसके मूल्य का पता चल सके।
उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर के थाना चौक, बस अड्डा, पठानकोट चौक तथा गरोडू में सब्जी के रेट हर रोज अंकित किए जाने चाहिए। यह कार्य हर रोज 11 बजे तक सुबह कर लिया जाना चाहिए। गरोडू में सब्जी के मूल्य अंकित करने का कार्य सिविल सप्लाई विभाग द्वारा किया जाएगा। उन्होंने ढाबा मालिकों से भी कहा कि वह अपने होटल के कार्य में घरेलू गैस का उपयोग न करें। इसके लिए वह व्यवसायिक सिलेंडर का ही उपयोग करें।
उन्होंने सिविल सप्लाई विभाग को आदेश दिए कि वह इस बात को सुनिश्चित करें कि घरेलू गैस सिलेंडर का दुरुपयोग न हो। उपमंडलाधिकारी ने करियाना के दुकानदारों से आग्रह किया कि वह मूल्य सूची के साथ स्टॉक का विवरण भी सही रखें, ताकि नियमों का उल्लंघन न हो। बैठक में व्यापार मंडल के प्रधान ओंकार शर्मा सहित व्यापार मंडल के विभिन्न ट्रेडों से जुड़े कारोबारियों ने भाग लिया।