स्पॉट काउंसलिंग शुरू, 22 तक विभाग में होंगे एडमिशन
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में एमएससी पर्यावरण विज्ञान में 19 सीटें खाली रह गई हैं। खाली सीटों को भरने के लिए स्पॉट काउंसलिंग शुरू हो गई है। 22 अगस्त तक विभाग में स्पॉट एडमिशन दिए जाएंगे। खाली सीटों पर प्रवेश स्नातक की सीजीपीए के आधार पर होगा और सीटें पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर भरी जाएंगी। विभिन्न श्रेणियों की इन 19 सीटों में दिव्यांगजन के लिए एक, सिंगल गर्ल चाइल्ड के लिए एक, एसपीयू कर्मचारियों के वार्ड के लिए तीन, जम्मू-कश्मीर के विद्यार्थियों के लिए दो, हिमाचली युद्ध विधवा श्रेणी में एक और सेवारत या सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों के लिए एक सीट शामिल है। इसके अलावा 10 गैर-सब्सिडाइज्ड सीटें भी खाली हैं। सरदार पटेल विश्व विद्यालय में पर्यावरण विभाग के विभागाध्यक्ष डा. सनील ठाकुर ने बताया कि अभ्यर्थियों को प्रवेश के समय सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे। संवाद