अमर उजाला ब्यूरो
करसोग (मंडी)। करसोग के 16 हजार से अधिक एपीएल परिवारों के राशन पर इस बार सरकार ने एक किलो का कट लगा दिया है। मई माह के लिए केंद्र सरकार ने राशन का आवंटन कर दिया है, लेकिन इसमें राशन की मात्रा घटा दी गई है। अब उपभोक्ताओं को 12 किलो आटे और साढ़े पांच किलो चावल से ही गुजारा करना होगा।
केंद्र सरकार ने मई माह के लिए आटे सहित चावल का आवंटन कर दिया है। इसके तहत करसोग में एपीएल परिवारों के लिए 1250 क्विंटल आटा और 470 क्विंटल चावल का कोटा जारी किया गया है। इसी आधार पर अब उचित मूल्य की दुकानों के लिए परमिट जारी किए जा रहे हैं। इससे पहले एपीएल परिवारों को 13 किलो आटा और 6 किलो चावल प्रति कार्ड दिए जाते थे। इससे बड़े परिवारों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे परिवारों को दुकानों से महंगे रेट पर आटा और चावल खरीदना पड़ रहा है। डिपो में आटे का भाव 8.60 रुपये प्रति किलो है, जबकि बाजार में यही 25 से 27 रुपये प्रति किलो दाम हैं। इसी तरह चावल का रेट भी 10 रुपये प्रति किलो है। उपभोक्ताओं को बाजार से परमल चावल 30 से 40 रुपये किलो खरीदना पड़ रहा है।
उधर, जिला खाद्य नियंत्रक मंडी लक्ष्मण सिंह कनैट का कहना है कि आवंटन के हिसाब से डिपो को राशन कोटा जारी किया गया है। उपभोक्ताओं को मई माह के पहले सप्ताह से राशन मिलना शुरू हो जाएगा।
करसोग में कुल 51 डिपो
करसोग में कुल 51 डिपो हैं। इसमें छत्तरी के तहत पड़ने वाले 10 डिपो भी शामिल हैं। करसोग खंड में सभी श्रेणियों के कुल 26601 उपभोक्ता हैं। इसमें अकेले एपीएल परिवारों की संख्या 16,705 है। सभी परिवारों को डिपो के माध्यम से सरकार हर माह सस्ता राशन उपलब्ध करवा रही है, लेकिन चिंता की बात यह है कि डिपो में मिलने वाले राशन में लगातार कटौती की जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को महीने का गुजारा करने के लिए खुले बाजार से राशन खरीदना पड़ रहा है।