सुंदरनगर (मंडी)। जिला कांग्रेस कमेटी सुंदरनगर ने मंगलवार को त्रिफालघाट में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती का पुतला जलाया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन चौहान ने बताया कि देश और प्रदेश में भाजपा अपना खिसकता जनाधार देख कर बौैखलाहट में है। इसी बौखलाहट में भाजपाई अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पिछले डेढ़ साल में विकास करवाने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो वायदे जनता के साथ किए थे वे महज जुमले साबित हुए हैं। मंडी के सांसद भी विकास के हर मोर्चे पर विफल साबित हुए हैं। वह कोई भी नई योजना पिछले पांच साल में मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए नहीं ला पाए। अब चुनाव सामने हैं तो भाजपा वोट बैंक के लिए घटिया राजनीति कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने चुनाव आयोग से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ सख्य कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी ब्रह्मदास चौहान, कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष प्रेमलाल गुड्डू, अनिल शर्मा, सुनील शर्मा, संजय मेहता, भूप सिंह ठाकुर, लसकरी राम, गोल्डी और योगराज ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।