रिवालसर(मंडी)। चार दिवसीय ऐतिहासिक बैसाखी पर्व पर जिला व प्रदेश के श्रद्धालुओं ने पवित्र रिवालसर झील में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। रविवार को हजारों श्रद्धालुओं को झील के किनारों पर स्नान करते और झील की परिक्रमा करते हुए देखा गया। श्रद्धालुओं ने प्राचीन शिव मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर और बाबा धजाधारी में भी पूजा अर्चना की और शीश नवाया। यहां से स्नान करने के बाद कई लोग माता नैना देवी के मंदिर में भी भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। मेला कमेटी की ओर से यहां पर आने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए पूरा प्रबंध कर रखा है। दिन में मंच पर क्षेत्र के युवक मंडलों और महिला मंडलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके सबका मनोरंजन किया। उधर, मेले में रविवार के दिन जमकर खरीदारी हुई, जिससे व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक दिखी।