अमर उजाला ब्यूरो
सरकाघाट (मंडी)। कुठेहड़ पेयजल योजना के लिए तीन दशक पूर्व बिछाई पाइपलाइन अब क्षतिग्रस्त हो गई है। जगह-जगह पाइपलाइन लीक हो रही है। लीकेज में बहने वाला पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रिस रहा है। प्रभावितों का कहना है कि लाइन सबसे अधिक गांव देवव्रारता के पास फटी हुई है। घरों में सीलन तक आ गई है। प्लास्टर उखड़ने लगा है। प्रभावितों में सोम नाथ, वद्रू राम, जीत राम, जगदीश चंद और कुलदीप सिंह का कहना है कि इस बारे में विभागीय अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। लोगों ने पाइपलाइन नए सिरे से बिछाने की मांग की है ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की कनिष्ठ अभियंता अंजना कुमारी ने बताया कि मामला ध्यान में है। जल्द ही पाइप की मरम्मत करवाई जाएगी।