मंडी। विश्व मधुमेह दिवस पर राज्यस्तरीय मैराथन का आयोजन मंडी में 14 नवंबर को किया जा रहा है। डीआरडीए और स्टार हेल्थ बीमा कंपनी के तत्वावधान में मैराथन का आयोजन होगा। मैराथन में प्रदेशभर के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले विजेताओं को तीन, दो और एक हजार के नकद इनाम दिए जाएंगे। मैराथन में पांच और दस किलोमीटर की दौड़ होगी। दौड़ सुबह सात बजे सेरी मंच से शुरू होगी। पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। स्टार हेल्थ बीमा कंपनी के सीनियर ब्रांच मैनेजर श्याम नेगी ने बताया कि ओपन मैराथन में कोई भी प्रतिभागी बिना पंजीकरण के भाग ले सकता है। मैराथन के लिए स्कूलों के बच्चों को भी आमंत्रित किया गया है।