सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर के गलुहार में बस हादसे की सूचना क्षेत्र में आग की तरफ फैल गई। जिसके बाद बस में सवार होकर सुंदरनगर और मंडी की ओर रवाना हुए लोगों के परिवार के सदस्य उनकी खैर खबर लेने के लिए चिंतित हो गए। आननफानन में जो वाहन मिला उसे लेकर सुंदरनगर अस्पताल पहुंचे। जहां वह अपने रिश्तेदारों को हर तरफ ढूंढते नजर आये। जब उन्होंने प्रत्यक्ष तौर पर उन्हें देखा तो जान में जान आई। अस्पताल में हर तरफ घायलों के रिश्तेदार नजर आ रहे थे। जिन्हें उपचार के दौरान अंदर जाने से रोकने के लिए पुलिस और अस्पताल प्रबंधन को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इधर, इस बस हादसे में बस चालक अमी चंद की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम राहुल चौहान और डीएसपी तरनजीत सिंह राहत कार्यों का जायजा लेने के लिए मौके पर रवाना हो गए। जबकि तहसीलदार उमेश शर्मा और प्रशासन के अन्य लोगों ने नागरिक अस्पताल पहुंच कर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. जावेद को हादसे की सूचना दी और घायलों के उपचार के लिए तुरंत इंतजाम शुरू करवाये। इससे पहले मरीज अस्पताल पहुंचते चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टॉफ की पूरी टीम उपचार के लिए तैयार थी। एक के बाद एक वाहनों में घायल आते रहे और उन्हें उपचार के बाद वार्ड में शिफ्ट किया जाता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गये और उन्होंने घायलों को वाहनों से निकाल कर उपचार के लिए वार्डों तक पहुंचाया। यहां तक कि जिन घायलों के सीटी स्कैन और एक्स-रे लिखे गए उन्हें भी स्टेचर पर ले जाकर टेस्ट करवाये। हादसे की सूचना मिलने पर सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल भी अस्पताल पहुंचे तथा उन्होंने चिकित्सकों व प्रशासन को घायलों के उपचार के लिए किसी भी तरह की कोई कमी न आने देने के निर्देश दिये। विधायक राकेश जंवाल ने घायलों का कुशलक्षेम भी जाना और उन्हें प्रशासन की ओर से राहत राशि प्रदान की। इधर, पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर व पूर्व मंत्री रूप सिंह ठाकुर ने भी इस हादसे पर शोक जताते हुए घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।