वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बाल सरकाघाट होगा हाइटेक
मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालय योजना के तहत बीस लाख जारी
खेल मैदान का होगा सौंदर्यीकरण, पुस्तकालय का होगा विस्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नबाही/सरकाघाट (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल सरकाघाट जल्द हाइटेक होगा। विद्यार्थी स्मार्ट कक्षाओं के साथ आधुनिक लाइब्रेरी में पढ़ सकेंगे। वहीं, स्पोर्ट्स के शौकीनों के लिए खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ बास्केटबाल, वॉलीबाल और बैडमिंटन कोर्ट को कोटा स्टोन से संवारा जाएगा। इससे स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। यह संभव होगा मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालय योजना से। इसके तहत स्कूल के सौंदर्यीकरण के लिए बीस लाख की पहली किस्त जारी हो गई है। कुल चालीस लाख से स्कूल को संवारा जाएगा। शुक्रवार को इस योजना के तहत सौंदर्यीकरण के कार्यों का शुभारंभ सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य जेसी आजाद ने स्कूल की गतिविधियों पर प्रकाश डाला पर तथा स्कूल में चल रहे कार्यों पर भी विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में उपमंडल अधिकारी श्रवण मांटा, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष संदीप वशिष्ठ, उपाध्यक्ष सरोज ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष प्रेम कुमारी ठाकुर, पार्षद शकुंतला देवी, बृज लाल, भाजपा महामंत्री के एल राणा, जितेंद्र शर्मा, भारत बन्याल, कमलेश नेगी, संजय ठाकुर, कमलेश गुलेरिया और कोच राकेश ठाकुर मौजूद रहे।