चैलचौक (मंडी)। सीआईडी में तैनात सिराज घाटी के धरोट गांव के एक पुलिस कर्मी की सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान खेम सिंह पुत्र चमारू राम निवासी धरोट के रूप में की है। जानकारी के अनुसार सीआईडी में तैनात खेम सिंह कुल्लू में तैनात था, जिसकी जंजैहली प्रकरण को लेकर सिराजघाटी में ड्यूटी लगी थी। बताया जा रहा है कि वह अपने घर धरोट में था जहां सोमवार दोपहर बाद उसको अचानक दिल का दौरा पड़ गया और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नागरिक चिकित्सालय गोहर पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मंडी भेज दिया है। इसके बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।
जंजैहली प्रकरण को लेकर कांग्रेस से दिया इस्तीफा
चैलचौक (मंडी)। जंजैहली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पुतले की शव यात्रा निकालने के विरोध में पंचायत प्रधान थाचाधार ललित कुमार ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। पंचायत प्रधान ललित कुमार ने कहा है कि जंजैहली में सीएम के खिलाफ किए गए प्रदर्शन की वह कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि जंजैहली में सीएम के पुतले की शव यात्रा निकालना एक घिनौना कृत्य है। इसको कतई भी सहन नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जंजैहली में किए गए इस कृत्य में कांग्रेस पार्टी के लोग भी शामिल रहे, जिसके चलते वह कांग्रेस की सदस्यता से त्याग पत्र देते हैं।