सुंदरनगर (मंडी)। किरतपुर-नागचला निर्माणाधीन फोरलेन पर चामुखा के पास गिरे मलबे को उठाने को लेकर आखिर तीन माह बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए एनएचएआई को कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसी के चलते एनएचएआई मलबा हटाने का काम बुधवार 6 दिसंबर से शुरू करेगा। मलबे के कारण फोरलेन की एक लेन बाधित होने से पिछले तीन माह से वन वे हुई यातायात व्यवस्था के चलते यहां तीन युवा पिछले कुछ दिनों में अपनी जान गंवा चुके हैं। जिसके कारण स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिल रहा था। जिसे अब प्रशासन के सख्त रवैये के बाद हटाने का काम आरंभ किया जा रहा है।
गौर हो कि अगस्त माह में भारी बारिश के कारण भवाणा के पास भूस्खलन हुआ था। इस क्षेत्र में एक बड़ा भू-भाग नीचे धंस जाने के बाद सुरक्षा के तौर पर वहां रहने वाले बाशिंदों के घर तक प्रशासन ने खाली करवा दिए थे। फोरलेन पर मलबा गिरने के कारण यातायात व्यवस्था को एकतरफा किया गया था। लेकिन, उसके बाद से मलबा वहीं गिरा रहा और प्रशासन तथा एनएचएआई ने इसे लेकर सुध नहीं ली। तीन माह का समय बीत जाने के बाद भी मलबे को हटाने को लेकर गंभीरता न दिखाने के कारण यहां पर आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। जिनमें तीन युवक अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी स्थानीय प्रशासन की खूब किरकिरी हुई थी। वहीं मलबे को लेकर स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के पास मामला दर्ज करवाया था। जिसके बाद प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए एनएचएआई के अधिकारियों को तुरंत मलबा हटाने के निर्देश जारी किए गए। जिस पर अमल करते हुए बुधवार से मलबा हटाने का कार्य किया जाएगा।
आज से शुरू होगा कार्य : एसडीएम
एसडीएम देवाश्वेता बानिक ने बताया कि एनएचएआई को मलबा हटाने के निर्देश दिए गए हैं बुधवार से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।