टिहरा (मंडी)। टिहरा क्षेत्र की कोट पंचायत के तहत गांव संदेहड़ा में बन रहे लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का निर्माण कार्य 20 साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। विभाग और सरकार की उदासीनता के चलते यहां की जनता को अब तक यह सुविधा नहीं मिल सकी है। यहां की 9 पंचायतों टिहरा, तनिहार, गद्दीधार, कुन, कोट, ग्रयोह, चोलथरा, डरवाड तथा सज्याओपिपलू पंचायतों में एक भी विज्ञान गृह नहीं है। 1999 में उस समय के लोक निर्माण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने विश्राम गृह का शिलान्यास किया था। उस वर्ष इसके लिए पांच लाख का बजट भी स्वीकृत हुआ था, लेकिन 20 सालों में विश्राम गृह का कार्य पूरा नहीं हो सका है। दो दशकों में कई सरकारें आई और गईं लेकिन आज तक विश्राम गृह का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। यही नहीं अब तो मौके पर से शिलान्यास पट्टिका भी गायब हो चुकी है।
टिहरा से होता है हमेशा अन्याय : ग्रामीण
यहां के पंचायत प्रतिनिधियों में सुरेंद्र पठानिया, यश पठानिया, प्रभाष राणा, रमेश ठाकुर, राजकुमार, राजेंद्र कुमार, रवि कुमार, यशपाल राणा, देशराज, विनोद कुमार, बलदेव सिंह, प्रकाश सिंह, अमर सिंह, सुधीर सिंह, पवन कुमार, दीप कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि टिहरा क्षेत्र के साथ हमेशा अन्याय ही होता आया है। इसे विभाग की उदासीनता कहें या सरकारों के मात्र आश्वासन जो आश्वासन ही रह जाते हैं। लोगों ने कहा कि हमने अपनी निजी जमीन देकर तथा कई पेयजल स्रोतों को भी निर्माण कार्य के चलते नष्ट होने दिया। बावजूद इसके क्षेत्रवासियों को विश्राम गृह का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस बारे में अधिशासी अभियंता धर्मपुर प्रमोद कश्यप ने कहा कि निर्माण कार्य प्रगति पर है, शीघ्र ही निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।