सरकाघाट (मंडी)। विधानसभा क्षेत्र सरकाघाट में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। इसके चलते यहां पर महिलाओं के हाथों में ही प्रत्याशियों की डोर है। 9 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों में सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र से 81808 मतदाता उम्मीदवारों के भाग्य का निर्णय करेंगे। निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इनमें से 41510 महिला मतदाता है, जबकि पुरुषों की संख्या 40298 है। इस प्रकार महिलाओं ने पुरुषों को पीछे छोड़ दिया है। पूरे विधानसभा चुनाव में 107 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं और उनमें से 10 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें सरकाघाट, रिस्सा, खुड्डी खाहन, दरकोहली, जमनी, भांबला, मटियारा, कोट हटली और समैला हैं। महिला कर्मचारियों की ओर से संचालित बूथों की संख्या 2 है, जिनमें सरकाघाट एक और सरकाघाट तीन हैं।
एसडीएम एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुरेश जसवाल ने बताया कि 54 पोलिंग बूथों को वेब कास्टिंग से जोड़ा गया है। साथ ही हर 5 बूथ पर एक सेक्टर अधिकारी की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए सर्विलेंस की टीमों का गठन किया गया है। साथ ही हर बड़ी और छोटी जनसभाओं की वीडियोग्राफी की जा रही है। संवेदनशील बूथों पर चुनाव आयोग की पैनी नजर रहेगी और पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।