मंडी में नामांकन रैली के समय लगा लंबा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। नामांकन के अंतिम दिन नेताओं के चक्कर में जनता बेहाल दिखी। नामांकन रैली के दौरान शहर में करीब आधे घंटे यातायात प्रभावित रहा। शहर में लंबा जाम लग गया। जाम के कारण आम पथिकों के साथ मरीजों और यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान एंबुलेंस भी रास्तों मेें फंसी रही। करीब 12 बजे अनिल शर्मा की नामांकन रैली पड्डल से शुरू हुई। समय 12:10 बजे। स्थान महामृत्युजंय चौक मंडी। नए पुल पर अभी रैली का कारवां आईटीआई चौक पर ही पहुंचा है। लेकिन, वाहनों की लंबी लाइन सेरी मंच से बस स्टैंड तक पहुंच गई है। महामृत्युजंय चौक पर एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई है। हालांकि, यहां पर पुलिस कर्मी यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात है। लेकिन, रैली में लोगों की भीड़ के चलते वाहनों के पहिये थमे रहे। यातायात कर्मी यहां पर लोगों को हटाकर वाहनों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, यातायात के अधिक दबाव के कारण स्कूल बाजार, कॉलेज रोड, चौहाटा बाजार तथा गांधी चौक पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई हैं। समय :12:25 बजे। स्थान गांधी चौक। रैली में भाजपा कार्यकर्ता जोश में सड़क पर ढोल नगाड़ों की थाप पर खूब झूम रहे हैं। यह बाजार का मुख्य चौक है। चौक के चारों तरफ सड़कों पर लंबी लाइनें वाहनों की लगी हुई हैं। चौहाटा बाजार की ओर से आ रही एक और एंबुलेंस वाहन में फंस जाती है। करीब पौने एक बजे शहर में यातायात बहाल हो पाता है।