जिले में 29 अक्तूबर से लगेगा विंटर बूट कैंप
विभिन्न आईआईटी से पहुंचेंगे विशेषज्ञ
विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए किया जाएगा तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मंडी में 180 विद्यार्थियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा। समग्र शिक्षा की ओर से अवंती एनजीओ और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के सहयोग से 29 अक्तूबर से चार नवंबर तक होटल रिवर बैंक में विंटर बूट कैंप आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न आईआईटी के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को कोचिंग देंगे।
बूट कैंप के लिए निर्धारित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इसका उद्देश्य विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों की भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान विषयों में समझ को मजबूत करना और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को विषयों की बारीकियों से अवगत कराने के साथ-साथ परीक्षा की तैयारी की रणनीति और महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी मार्गदर्शन देंगे। इससे विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, जिला समन्वयक कमलेश महाजन, डॉ. राकेश और डॉ. बलवीर राणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे। डिप्टी डायरेक्टर क्वालिटी एजुकेशन मीना राठौर ने बताया कि समग्र शिक्षा की इस पहल का उद्देश्य चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल कर सकें।