देव श्री सायरी बाला कामेश्वर 15 से बल्ह भ्रमण पर
मंडी। देव श्री सायरी बाला कामेश्वर 15 अप्रैल से बल्ह घाटी में अपने हार भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान देव अपने कारदारों संग ढोल-नगाड़ों के साथ अपने नए पीतांबर स्वरूप रथ में विराजमान होंगे। देव श्री सायरी बाला कामेश्वर अपने नए स्वरूप के पश्चात प्रथम बार अपनी बल्ह की हार में पधार रहे हैं। इसके चलते श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। इस दौरे के दौरान देव अपने भक्तों के घर धाम में भी पधारेंगे और अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। देवता के पुजारी युद्धवीर शर्मा ने बताया कि देवता 15 अप्रैल को मसेरना में धाम के पश्चात बल्ह घाटी के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान वह 15 को देव श्री टिकरू बाला कामेश्वर बल्ह के मंदिर में रूकेंगे। 16 अप्रैल को वह लूनापानी और 17 अप्रैल को सुंदरनगर धारंडा के बाद 18 को वह बड़सू को रवाना होंगे। इसके पश्चात 19 अप्रैल को बड़सू से सायरी अपने देव स्थल पहुुंचेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से देवता के इस कार्यक्रम में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।