कटवाहर में पेयजल संकट, बूंद-बूंद को तरस रहे 50 परिवार
पंद्रह दिन से नहीं आ रही सप्लाई, विभाग पर समस्या को नजर अंदाज करने का आरोप
गांव के सिर्फ एक नल में आ रही पानी, यहां लग रही लोगों की भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। कंमाद पंचायत के कटवाहर गांव के 50 परिवार 15 दिन से पानी की एक एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। पानी की सप्लाई न आने से लोगों को हर रोज पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वहीं, गांव के मात्र एक नल में पानी की सप्लाई होने के कारण इस नल पर पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ लगी रहती है। इसमें भी पर्याप्त जल नहीं आने के कारण लोगों को पीने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है।
हालत यह है कि पानी के जुगाड़ में लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उनका अधिकतर समय पानी जुटाने में ही बरबाद हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें सेरी मांदरा स्कीम से पानी की सप्लाई होती है, लेकिन सालों पुरानी इस स्कीम की पाइप लाइन इतनी खराब हो चुकी है कि पानी नलों तक बहुत कम पहुंच पाता है। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह से पानी मात्र एक या दो दिन ही आया है। उन्हें अपने और पशुओं के लिए पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग पर भी समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों धर्मपाल, गोपाल, दिनेश, हेमराज, होशियार सिंह, रामचंद, लालचंद, राजेंद्र, रतन चंद, चमारू राम, डोले राम, हुकम चंद आदि ने कहा कि विभाग उनकी समस्या का शीघ्र समाधान करे। अगर उनकी पानी की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उधर, एक्सईएन राकेश पराशर ने बताया कि विभाग के पास अभी तक इससे संबंधित कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। उन्होंने कहा कि अगर समस्या होगी तो विभाग इसका जल्द समाधान करेगा।