पधर (मंडी)। उपमंडल पधर के उरला में मूसलाधार बारिश के कारण पांच दुकानें और दो रिहायशी मकान खतरे की जद में आ गए हैं। इनमें दो दुकानदारों को खासा खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने दोनों दुकानदारों को दुकानें खाली करने के निर्देश दे दिए हैं। भूस्खलन के कारण आईपीएच विभाग की लगभग तीन सौ मीटर पाइप लाइन भी टूट गई है। इससे करालड़ी और डुघली गांव में दो दिन से पेयजल संकट गहरा गया है। उरला के पास एनएच से करालडी सड़क में भूस्खलन होने से जहां सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है वहीं दो मकान और पांच दुकानें भी खतरे की जद में आ गई हैं। बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो यहां बड़ा हादसा हो सकता है। भूस्खलन के कारण गुरदेव सिंह और जमना दास की दुकान तथा गोपी राम, गोबिंद राम, कृष्ण चंद और गायत्री देवी के मकान और दुकान को खतरा बना हुआ है। ग्रामीण राजस्व अधिकारी मधु शर्मा ने कहा कि जमना दास और गुरुदेव की दुकान को खासा खतरा बना हुआ है। इन्हें दुकानें खाली करने के आदेश दे दिए हैं। वहीं आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्रेम भारद्वाज ने कहा कि भूस्खलन के कारण लगभग तीन सौ मीटर पाइप लाइन टूट गई हैं। जिस कारण करालड़ी और डुघली गांव में पेयजल संकट गहराया है।