नेरचौक शहर में बेतरतीब ढंग से वाहन
खड़ा करने पर होगी कार्रवाई: एएसपी
ट्रैफिक समस्या से निजात के लिए व्यापार मंडल, ट्रक और टैक्सी यूनियनों से बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
नेरचौक (मंडी)। शहर में यातायात समस्या से निजात पाने के लिए एएसपी मंडी पुनीत रघु की अगवाई में एक अहम बैठक आयोजित हुई। इसमें नेरचौक व्यापार मंडल, नगर परिषद सदस्य, ट्रक यूनियन नेरचौक, टैक्सी यूनियन नेरचौक के पदाधिकारियों ने भाग। इस अवसर पर व्यापार मंडल ने मांग की कि बाजार में अव्यवस्था का आलम इस तरह से है कि पैदल चलने वाले ग्राहकों के लिए कोई जगह ही नहीं रहती है।
प्राइवेट बसें और निजी वाहन सड़कों पर इस तरह से लगाए जाते हैं कि लोगों को रोजाना जाम का सामना करना पड़ता है। इस पर एएसपी ने आदेश दिए हैं कि नेरचौक में बस स्टैंड के आसपास लगी रेहड़ियों को तुरंत हटाया जाए। प्राइवेट बस सिर्फ स्टैंड पर ही पार्क हो तथा उन्होंने व्यापारियों को आगाह किया कि अपना सामान दुकानों के बाहर न लगाएं और ग्राहकों को आने जाने के लिए एक सुचारु रास्ता बनाकर रखें। उन्होंने बल्ह पुलिस को कड़े निर्देश दिए हैं कि नेरचौक में रोजाना जाम लगने वाली घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई करें। स्कूलों की छुट्टी के दौरान अगर कोई निजी वाहन इधर उधर हों तो तुरंत चालान काटे जाएं। इस अवसर पर नगर परिषद नेरचौक के उपाध्यक्ष चेत सिंह ठाकुर, नेरचौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोविंद ठाकुर, उपाध्यक्ष कुलदीप सकलानी, महासचिव तेजपाल शर्मा, सागर कुंडल बल्ह वैली ट्रक यूनियन के अध्यक्ष अजय ठाकुर, टैक्सी यूनियन के और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।