मंडी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो मंडी की ओर से नशा और मादक पदार्थों के व्यापार के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत आईटीआई मंडी से की गई। इसमें आईटीआई के लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक गुरुदेव चंद शर्मा की ओर से इस रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उक्त रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने पूरे शहर में नशे के खिलाफ संदेश वाले विभिन्न पोस्टर, बैनर लिए हुए थे। यह रैली आईटीआई मंडी से शुरू होकर इंदिरा मार्केट, सेरी मंच होते हुए वापस आईटीआई पहुंची। इस मौके पर एनसीबी के अधीक्षक आशीष ओझा, सूचना अधिकारी विनय सिंह, शैलेंद्र प्रसाद तथा एनसीबी स्टाफ के सदस्य भी शामिल रहे। इसके अलावा आईटीआई के प्रधानाचार्य तरुण कुमार, मंडी पुलिस के सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार आदि ने भी इस रैली में भाग लिया।