सुंदरनगर (मंडी)। यूनिवर्सल मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कनैड का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य प्रबंधक नानक चंद ने समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल की सालाना रिपोर्ट पेश कर अतिथियों व अभिभावकों को अवगत करवाया। समारोह में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। मुख्यातिथि ने कहा कि देश के विकास में शिक्षा का अहम योगदान है। जब तक नागरिक शिक्षित नहीं होंगे देश विकास के पथ पर आगे नहीं बढ़ पाएगा। उन्होंने बच्चों से जीवन में आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत करने को प्रोत्साहित किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए 51 सौ रुपये की राशि प्रदान की। इसके साथ ही दो कंप्यूटर और चार पंखे बैंक की ओर से उपलब्ध करवाने का भी आश्वासन दिया। मुख्यातिथि ने स्कूल के प्रतिभाशाली और होनहार बच्चों को सम्मानित भी किया। इनमेें आयुष, नंदिनी, संयोगिता, जिसान, सृष्टि, तनवी, फरहान, नताशा, पर्व, स्मृति, आलिया, तान्या, ईशा, वर्षा, सिमरन, रिहाना, शुभम, राहुल, आफरीन, अशफाक, मुश्ताक, आदिल, अभिषेक, शिवांश, राहुल कुमार, सूजल, रितिव और शुभम पटियाल को सम्मानित किया गया। समारोह में समाजसेवी अमर सिंह आजाद ने 51 सौ रुपये, ग्राम पंचायत डुगराई की प्रधान रीता देवी ने 1100 रुपये और शिक्षिका दीक्षा व वंदना ने बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए पांच सौ रुपये प्रदान किए। इस मौके पर कनैड पंचायत की पूर्व प्रधान रमा देवी व समाजसेवी विशन दास भी विशेष रूप से मौजूद रहे।