अमर उजाला ब्यूरो
जोगिंद्रनगर (मंडी)। यह सामरिक महत्व का पठानकोट-जोगिंद्रनगर-मंडी एनएच है। यहां पर पुलिस प्रशासन की नहीं चलती। जब चाहे तब वाहन चालक आमने-सामने गाड़ियों को ब्रेक लगा देते हैं। एक-दूसरे को पीछे हटने की जिद पर अड़कर बखेड़ा खड़ा करके जाम की स्थिति पैदा कर देते हैं और खामियाजा भुगतना पड़ता है आम लोगों को। शुक्रवार शाम करीब छह बजे जोगिंद्रनगर बाजार में कुछ ऐसा ही हुआ। पुलिस का स्थानीय आला अमला मंडी में पहली अपराध समीक्षा बैठक में यातयात व्यवस्था की अवहेलना पर शिकंजे की ताजा हिदायत संजोए हुए था कि दो चालकों के रौब में राष्ट्रीय उच्च मार्ग मंडी-पठानकोट मार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति पैदा हो गई। इसके चलते आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। साथ ही सैलानियों को भी भारी दिक्कतों से गुजरना पड़ा। सामरिक महत्व वाले इस मार्ग पर सैन्य वाहन भी गुजरते हैं। इसके अलावा हादसों के लिए संवेदनशील मार्ग पर आपातवाहनों की दौड़ भी लगी रहती है। लिहाजा, इस तरह का जाम चिंता का विषय है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार करीब 6 बजे ढेलू मोड़ के पास एक बस और ट्रक सड़क के बीचोंबीच खड़ेे हो गए। इस दौरान दोनों एक-दूसरे को पीछे हटने के लिए कहते रहे, लेकिन दोनों अपनी जगह से नहीं हिले। इसके कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगने लगीं। कई लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन दोनों नहीं मान रहे थे परिणामस्वरूप करीब 30 मिनट तक लंबा जाम लग गया।
एक किमी तक लगी लंबी कतार
सड़क के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक जाम का प्रभाव देखने को मिला। ढेलू गांव के समीप लगे इस जाम के कारण जोगिंद्रनगर शहर तक और बैजनाथ की तरफ पीपल तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और अन्य लोगों की मदद से जाम को खुलवाया गया और तब जाकर वाहन आगे निकले। जाम की वजह से दूर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रोजाना जाम हो रहा आम
जोगिंद्रनगर में सबसे बड़ी समस्या जाम की है। यहां अव्यवस्था इस कदर हावी है कि रोजाना जाम की स्थिति है। अफसरशाही इस समस्या से निपटने के लिए सुनियोजित तरीके से प्लान भी नहीं कर रही है। लिहाजा, आए दिन इस सड़क पर लग रहे जाम से लोगों को भारी दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। उधर, एसएचओ संजीव कुमार का कहना है कि मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम लग गया था। पुलिस की मुस्तैदी से जाम को कुछ ही देर में खुलवा दिया गया है।