मंडी। जिले के बर्फबारी संभावित क्षेत्रों में बिजली बोर्ड ने फील्ड स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। जनवरी और फरवरी माह में जिले के करसोग, सराज, चौहारघाटी में बर्फबारी की संभावनाओं के चलते अवकाश रद्द किए गए हैं। गत वर्ष इन क्षेत्रों में डेढ़ से दो माह तक बर्फबारी के दौरान ब्लैक आउट रहा था। इस बार ब्लैक आउट से बचने के लिए बोर्ड ने एडवांस में ही प्रबंध कर लिए हैं। स्नोबाउंड एरिया में ब्लैक आउट से निपटने के लिए बोर्ड ने आपातकालीन स्टोर भी बना लिए हैं। वहीं, एक दर्जन के लगभग स्पेशल टीमों का गठन कर क्षेत्र में कार्यरत ठेकेदारों को अलर्ट कर दिया गया है। गत वर्ष बर्फबारी के दौरान बिजली बाधित होने से करसोग, सराज और चौहारघाटी में दो माह तक विद्युत आपूर्ति बंद रही थी। यहां पर बिजली को बहाल करने के लिए बिजली बोर्ड के पसीने छूट गए थे। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। सराज और करसोग क्षेत्र में सबसे अधिक सैकड़ों गांवों में बिजली लगभग दो माह तक बाधित रही थी।
जगह-जगह रखे पोल, आपात स्टोर भी बनाए
स्नोबाउंड एरिया में जगह-जगह पर लोहे के पोल पहले ही रख दिए गए हैं, ताकि बर्फबारी के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न आए। जनवरी और फरवरी में सभी तकनीकी फील्ड स्टाफ की छुट्टियों को रद्द कर दिया है। इन एरिया में आपातकालीन स्टोर भी तैयार कर लिए गए हैं ताकि बर्फबारी के दौरान इन स्टोर से मरम्मत की सामान लेकर सप्लाई को बहाल किया जा सके।
नगाण से करसोग लाइन चालू होने से मिली राहत
उपमंडल करसोग विद्युत बोर्ड ने इस बार बर्फबारी से निपटने के लिए पहले ही कमर कस ली है। नगाण से करसोग आने वाली 22 केवीए पूरी तरह से चालू हो गई है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इस लाइन में भी सेरी में एक आपातकालीन स्टोर बना कर पूरा सामान रख लिया गया है। बर्फबारी से निपटने के लिए सब स्टेशन पांगणा और बतालाबहली में करीब एक दर्जन टीमें बना दी गई हैं और विभाग ने क्षेत्र में कार्यरत ठेकेदारों को भी अलर्ट कर दिया गया है । सुंदरनगर के तहत पड़ने वाले 33 केवीए और 22 केवीए की लाइन में रोहांडा, चरखड़ी ,चुराग में आपातकालीन स्टेशन बना कर लाइन की मरम्मत का पूरा सामान स्टोर कर लिया है।
छुट्टियां रद्द, टीमें गठित : अभियंता
बोर्ड के अधिशाषी अभियंता बीएल कौंडल ने कहा कि स्नोबाउंड एरिया में ब्लैक आउट से बचने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्टाफ फील्ड की छुट्टियां रद्द कर दी गई है। आपात स्टोर भी बना दिए गए हैं।