सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र में 73,940 मतदाता प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला 9 नवंबर को होने वाले चुनाव में करेंगे। इन मतदाताओं में पुरुषों की संख्या महिलाओं के मुकाबले अधिक है। कुल मतदाताओं में 36,599 महिलाएं और 37,341 पुरुष मतदाता अपने मत का प्रयोग कर नई विधानसभा गठन में अपना सहयोग करेंगे।
सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से कुल तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें से कांग्रेस के सोहन लाल ठाकुर चौथी बार चुनाव मैदान में है। भाजपा के राकेश जम्वाल दूसरी बार तथा बसपा के धर्मपाल पहली बार मैदान में उतरे हैं। चुनाव का समय निकट आते ही प्रत्याशियों में अपने-अपने स्तर पर हलके में प्रचार अभियान तेज किया हुआ है। कांग्रेस प्रत्याशी सोहन लाल ठाकुर और भाजपा प्रत्याशी राकेश जम्वाल की पत्नी भी मैदान में प्रचार कर अपने पति के लिए वोट मांग रही हैं। वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में सुंदरनगर विधानसभा में मतदाताओं की कुल संख्या 67,271 थी। जिनमें से 34,467 पुरुष और 32,804 महिलाएं शामिल थीं। इस बार 6,669 मतदाता सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र में नए जुड़े हैं। सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए कुल 101 बूथ बनाए गए हैं जिनमें से 27 बूथ संवेदनशील और दो बूथ अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं। अतिसंवेदनशील बूथों में अलसू तथा निहरी शामिल हैं। जबकि संवेदनशील बूथों में कपाही, डोडवां, केरन, नालनी, घांघणू वन, समौण, जांबला, नालग, सोहर, डैहर, कांगू, बोबर, सलापड़-3, खुराहल, जड़ोल-2, बटवाड़ा, डीपीएफ ध्वाल, स्नीहन, बलग, नेरी रोपडू, दोघरी, हाड़ाबोई, सोझा, कमरू, पौड़ाकोठी, रोहांडा तथा चौक शामिल है। सुंदरनगर की सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम देबा श्वेता बानिक ने बताया कि चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतदान करवाने के लिए कर्मचारियों को पहले और दूसरे चरण की रिहर्सल करवा दी गई है। शीघ्र ही चुनाव में तैनात टीमों को बूथों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। वहीं अतिसंवेदनशील और संवेदनशील बूथों में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।