सरकाघाट (मंडी)। पिछले 48 घंटे से बंद जाहू-मंडी सुपर हाईवे नहीं खुला है। ढलवान से दो किलोमीटर की दूरी पर पहाड़ी दरकने से मस्याणी मोड़ पर यह सड़क बंद है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क मंडी-कुल्लू-मनाली तथा सुंदर नगर के लिए अहम है। उधर, लोक निर्माण विभाग सड़क को वाहनों के लिए खोलने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहा है। लेकिन, जब सड़क खुलती है तभी पहाड़ी से मलबा नीचे आ जाता है और रास्ता बंद हो जाता है। विभाग ने सड़क बहाली के लिए चार जेसीबी लगाई हैं। लेकिन, सड़क बहाल नहीं हो सकी है। कनिष्ठ अभियंता नीलम शर्मा ने कहा कि विभाग सड़क रिस्टोर करने में लगा हुआ है। मंडी से जाहू जाने वाले वाहन कलखर से वाया पतड़ीघाट जा रहे हैं और धलवान से मंडी तक जाने वाले वाहन भी इसी तंग सड़क से आ जा रहे हैं। वाहनों का जाम कभी कभी एक किलोमीटर तक लग रहा है।