करसोग (मंडी)। नागरिक चिकित्सालय करसोग में दो दिवसीय बहरेपन की जांच का शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 309 लोगों का पंजीकरण किया गया। कुल पंजीकृत लोगों में से 163 नागरिकों के कान की गहन जांच की गई। इनमें से 137 लोगों को कान में मशीन लगाने की सलाह दी गई है।
इन लोगों की सूची तैयार कर ली गई है और यह सूची एक एनजीओ को सौंपी जाएगी। एनजीओ की तरफ से इन लोगों को सुनने की मशीनें मुफ्त में उपलब्ध करवाई जाएंगी। शिविर के लिए आईजीएमसी शिमला से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई थी। टीम के प्रभारी कुशाल शर्मा ने बताया कि इससे तीन वर्ष पूर्व भावा नगर कैंप में 63 लोगों की स्क्रीनिंग की गई थी। करसोग में आयोजित हुए कैंप में 163 लोगों की जांच की गई। खंड चिकित्सा अधिकारी करसोग डॉ. गोपाल चौहान ने बताया कि शिविर संपन्न हो गया है। संवाद