अमर उजाला ब्यूरो
करसोग (मंडी)। करसोग में जिला स्तरीय सात दिवसीय नलवाड़ मेले का आरंभ विधिवत रूप से शुक्रवार को हो गया। मेले का शुभारंभ उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बैल पूजन के साथ किया। इस दौरान ममलेश्वर महादेव और नाग कजोनि के देव रथों की अगुवाई में 22 देवी-देवताओं ने शोभायात्रा में शिरकत की और यह यात्रा मेला मैदान तक पहुंची। इस दौरान माहौल वाद्य यंत्रों और श्रद्धालुओं के जयकारों से भक्तिमय हो गया। हर-हर महादेव के उद्घोषों से शिवनगरी गूंज उठी। उपमंडल अधिकारी अपूर्व देवगन और मेला अधिकारी संजीत शर्मा के अतिरिक्त मेला कमेटी के सदस्यों ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। यह मेला 1965 में आरंभ हुआ था, जिसका मुख्य उद्देश्य अच्छी नस्ल के मवेशियों को यहां के किसानों को उपलब्ध करवाना तथा कृषि को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर सांस्कृतिक कला मंच काओ के कलाकारों ने पहाड़ी नाटी प्रस्तुति कर खूब वाहवाही लूटी। एसडीएम करसोग अपूर्व देवगन बताया कि इस बार देवलुओं को पांच फीसदी अधिक मानदेय दिया जाएगा। मेले के समापन समारोह में 11 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक मंडी गुरुदेव चंद शर्मा शिरकत करेंगे। इस मौके पर करसोग में स्थित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
इस बार दर्शकों को दिखाई जाएंगी नई फिल्में
नलवाड़ मेले में चेस प्रतियोगिता, बास्केटबॉल प्रतियोगिता, रस्साकशी खेल, पेंटिंग, स्लोगन और कुश्ती का आयोजन सात अप्रैल को होगी। इसमें प्रदेश और प्रदेश के साथ लगते राज्यों से पहलवान अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। मेले में एक नई शुरुआत के तौर पर मेले में आए लोगों के मनोरंजन के लिए सिनेमा का भी इंतजाम किया गया है, जिसमें बॉलीवुड की लेटेस्ट फिल्मों को दिखाया जाएगा। बच्चों के लिए एक स्पेशल कार्टून फिल्म भी दिखाई जाएगी।
सांस्कृतिक संध्याओं में ये कलाकार मचाएंगे धमाल
नलवाड़ मेले में पांच सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें छह अप्रैल को इंडियन आइडल फेम गीता भारद्वाज और सीट ऑफ फायर डांस ग्रुप दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। सात अप्रैल को अभी बैंड और मशहूर हिमाचली गायक नरेंद्र ठाकुर की प्रस्तुति होगी। आठ अप्रैल को वॉइस ऑफ हिमाचल के विनर कुमार साहिल और प्रसिद्ध पहाड़ी गायक इंद्रजीत अपनी मधुर आवाज से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। 9 अप्रैल को प्रसिद्ध हास्य कलाकार और एसी भारद्वाज अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 10 अप्रैल को अनुषा एंड टीवी रियेलिटी शो की प्रतिभागी और रमेश ठाकुर नाटी किंग दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।