हटगढ़ को ओवरआल का खिताब
बल्ह खंड की खेलकूद स्पर्धाओं के विजेताओं को मंत्री अनिल ने नवाजा
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी। ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घासणु में बल्ह खंड के स्कूलों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में 37 स्कूलों के 14 वर्ष से कम आयु के 519 छात्र खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ ही खेलों में भी जरूर भाग लेना चाहिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटगढ़ ने ओवरऑल ट्रॉफी प्राप्त की। प्रधानाचार्य प्रभु दयाल सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा प्रधान ग्राम पंचायत भड़याल राधा देवी, पूर्व प्रधान हेम राज, लाभ चंद शर्मा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर बल्ह भाजपा मंडल के महामंत्री भगवान दास, शक्ति केंद्र के अध्यक्ष कन्हैया सैणी, धर्मपाल ठाकुर सहित गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।