आवेदनों का चरणबद्ध सत्यापन शुरू, पात्र पाए जाने पर मिलेगा योजना का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। प्रदेश सरकार की 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को मंडी जिले में अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। अब तक करीब 16 हजार परिवार ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। बिजली बोर्ड ने आवेदनों का चरणबद्ध सत्यापन शुरू कर दिया है और पात्र उपभोक्ताओं को नियमों के अनुसार योजना का लाभ मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है, जिससे उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग योजना में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
बिजली बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल आवेदन करने से लाभ नहीं मिलेगा। दस्तावेजों और पात्रता की जांच के बाद ही पात्र उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। बोर्ड ने जिन लोगों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनसे अधिकृत पोर्टल के माध्यम से सही दस्तावेजों सहित समय रहते पंजीकरण करने और भ्रामक जानकारी से बचने की अपील की है।