टिहरा (मंडी)। क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से पेयजल की गंभीर समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब जल्द निजात मिलने वाली है। लोगों को गर्मियों के मौसम में नियमित रूप से पानी की सप्लाई मिलेगी। आईपीएच विभाग की ओर से निर्मित कांढापतन टिहरा अवाहदेवी उठाऊ पेयजल योजना का कार्य पूरा कर लिया गया है। आईपीएच विभाग ने इस योजना का निर्माण कार्य महज छह महीने के रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया है। वहीं, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री इस योजना का इस सप्ताह चार जुलाई को उद्घाटन करेंगे। परियोजना पर करीब 11 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पेयजल योजना बनने से क्षेत्र की सबसे ज्यादा पेयजल समस्या से जूझ रही पंचायतों टिहरा कोट ग्रंयोह, तनिहार सहित डरवाड़ पंचायतों के 50 गांवों की हजारों आबादी को पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी। गौरतलब है कि टिहरा और अवाहदेवी क्षेत्र के लिए 20 वर्ष पहले निर्मित पेयजल योजना में कई वर्षों से बार-बार तकनीकी खराबी आ रही थी। इससे लोगों की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
इसके बारे में आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार का कहना है कि योजना की पानी की लिफ्टिंग का ट्रायल कर लिया गया है, जो सफल रहा है। योजना पर करीब 11 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसी सप्ताह चार जुलाई को इसका उद्घाटन होगा। योजना से पेयजल की आपूर्ति होने से क्षेत्र के लोगों को समस्या से निजात मिलेगी।