धर्मपुर/सरकाघाट/पटड़ीघाट (मंडी)। ओवरलोडिंग पर प्रतिबंध के कारण बसों में जगह न मिलने पर गुस्साए कॉलेज विद्यार्थियों ने सरकाघाट में जमकर हंगामा किया। आक्रोश के चलते विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर से लेकर पथ परिवहन निगम की कार्यशाला तक रैली निकाली और कार्यशाला के बाहर निगम प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। यही नहीं, बाद में वह नारेबाजी करते हुए दो किलोमीटर दूर पैदल चलते हुए बस स्टैंड सरकाघाट तक पहुंच गए। यहां उन्होंने चक्का जाम कर दिया। बसों को बस स्टैंड पर ही रोक दिया गया। प्रदर्शन से हड़कंप मच गया और आनन-फानन में निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक नरेंद्र शर्मा बस स्टैंड पर पहुंच गए। वह विद्यार्थियों को मनाने में जुट गए लेकिन विद्यार्थी नहीं मानें और लिखित आश्वासन मांगने लगे। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातयात बाधित रहा। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को गंभीर देखकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी वहां पहुंच गए और विद्यार्थियों को समझाने लगे। इसके बाद प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक नरेंद्र शर्मा ने कहा कि सरकार के निर्देशों की अनुपालना की जा रही है। विद्यार्थियों की समस्या आला अधिकारियों तक पहुंचा दी जाएगी।
2300 विद्यार्थी यातायात सुविधा को तरसे
स्थानीय विद्यार्थी परिषद इकाई के अध्यक्ष सुमीत सकलानी ने प्रदेश सरकार को कोसते हुए कहा कि वर्तमान में सरकाघाट कॉलेज में 2300 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और उनके कॉलेज में आने-जाने के लिए पर्याप्त मात्रा में बसें उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अब भी सरकार नहीं जागी और एक विद्यार्थी भी सड़क पर बस न मिलने के कारण खड़ा हुआ पाया गया तो उनका आंदोलन उग्र रूप धारण कर लेगा। इस अवसर पर परिषद के इकाई उपाध्यक्ष विजय ठाकुर, इकाई मीडिया प्रमुख निशांत गुलेरिया, साहिल धलारिया, विकास ठाकुर, शुभम, किरण, वर्षा पटियाल और दिनेश कुमार सहित करीब तीन सौ कार्यकर्ता मौजूद रहे।