अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र में बिजली की समस्या से जूझ रहे शख्स ने खुद बिजली के खंभे पर चढ़कर बिजली आपूर्ति दुुरुस्त करने का दावा करते हुए फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए और बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अफसरों पर शिकायत को अनसुनी करने के आरोप लगा दिए। मामला बिजली बोर्ड के संज्ञान में आते ही हड़कंप मच गया। बोर्ड के अधिकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने वाले पर ही सवाल उठाने लगे कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की कोई शिकायत नहीं आई है। ऐसे में यदि खंभे पर चढ़कर बिजली दुरुस्त करते वक्त कुछ हो जाता तो उसका जिम्मेदार कौन होता? सूचना मिलते ही बोर्ड के बड़े अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू की लेकिन जांच में पाया गया कि बिजली बाधित होने की शिकायत कहीं भी नहीं हुई है। अब बिजली बोर्ड मामला पुलिस को सौंपने की तैयारी में है।
विद्युत उपमंडल धर्मपुर के तहत मढ़ी में घंटों बिजली बाधित रहने की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब उछली। यह भी आरोप लगाए गए कि बिजली बोर्ड के जेई और एसडीओ को फोन किया गया तो उन्होंने समस्या को सही तरीके से नहीं सुना। फिर लोगों को अपने आप ही बिजली ठीक करनी पड़ी। बोर्ड में जांच में पाया गया कि जब किसी भी व्यक्ति ने जेई और एसडीओ से बात तक नहीं की और न ही शिकायत रजिस्टर में कहीं बिजली गुल होने की रिपोर्ट लिखी गई है तो उसके बावजूद कैसे ऐसी अफवाह फैलाई गई? एसडीओ विपिन कुमार ने बताया कि पोस्ट डालने वाले व्यक्ति ने पोल पर चढ़ने का अपना फोटो भी डाला है। किसकी इजाजत से यह कार्य किया गया और अगर कोई अनहोनी हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता? इस पर बोर्ड व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाएगा कि वह किसकी इजाजत पर बिजली के खंभे पर चढ़ा। उन्होंने जनता से अपील की है कि ऐसी पोस्ट न डालें और अगर कहीं बिजली गुल रहती है तो इसके बारे में बोर्ड के जेई और एसडीओ को सूचना दें।