फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिसिया कार्रवाई से नाराज परिजनों ने दो घंटे किया हाईवे पर चक्का जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

सुंदरनगर(मंडी)। सुंदरनगर स्थित बीएसएल नहर में गत वीरवार को एक युवक द्वारा छलांग लगाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में परिजनों ने आरोप लगाया है कि मोहित (20) ने छलांग नहीं लगाई, बल्कि उसे नहर में जानबूझ कर फेंका गया है। आरोपी युवकों को उन्होंने पुलिस के हवाले भी किया, लेकिन पुलिस की ओर से मामले को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। गुस्साए परिजनों का आरोप है कि रविवार को भी उन्हें थाने में बुलाया गया था लेकिन पुलिस वाले उनकी ही वीडियो बनाने में लग गए। जिसके चलते उन्होंने रविवार को चक्का जाम कर प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का निर्णय लिया। मोहित के परिजनों ने रविवार दोपहर करीब सवा दो घंटे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान मार्ग पर दोनों ओर करीब 4 किलोमीटर तक दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। जिससे यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर एसडीएम राहुल चौहान और डीएसपी तरनजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को किसी तरह मनाकर करीब सवा एक बजे मार्ग पर यातायात को बहाल करवाया। इसके उपरांत एसडीएम कार्यालय ले जाकर परिजनों को हर संभव कार्रवाई बारे लिखित आश्वासन दिया, जिसके उपरांत ही मामला शांत हो पाया। दूसरी ओर परिजनों ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर इस दौरान आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई न की गई तो वह फिर एक बार चक्का जाम करने को मजबूर होंगे। उन्होंने मोहित की तलाश के लिए नहर व जलाशय में गोताखोर लगाने की भी मांग उठाई है। इधर, नहर में लापता युवक मोहित की माता मीरा देवी, चाचा रवि कुमार, विजय कुमार, ताया सोहन लाल, कमला देवी, विमला देवी तथा सन्नी वालिया ने बताया कि मोहित शहर में स्थित एक दुकान में सेल्समैन का काम करता था। इस दौरान उसकी कुछ युवकों के साथ दोस्ती हुई। जो रोहांडा, बानगलू, बोबर तथा हरिपुर व भेच्छणा के रहने वाले थे। इन युवकों ने घटना से करीब एक सप्ताह पूर्व महामाया मंदिर के समीप मोहित से मारपीट की थी। आरोप लगाया कि यह युवक मोहित को प्रताड़ित करते थे तथा उसे धमकियां देते थे। उन्होंने बताया आरोपी युवकों ने पहले मोहित की बाइक तोड़ी, जिसे बिना नंबर प्लेट के जवाहर पार्क के समीप बरामद किया गया है। जिसके उपरांत उसे बीएसएल नहर में फेंक कर उसकी हत्या की गई है। परिजनों ने कहा कि आरोपी युवकों को उन्होंने स्वयं पुलिस के हवाले किया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी युवकों के जानने वाले लोग उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उधर, एसडीएम राहुल चौहान ने बताया परिजनों की ओर से उठाई गई मांगों को सुना गया है। उन्हें कानून के तहत इस मामले की गहनता से जांच कर कार्रवाई बारे आश्वस्त किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें