अमर उजाला ब्यूरो
थुनाग/ जंजैहली(मंडी)। पंडोह-थुनाग-जंजैहली मार्ग पर बिना सूचना के हो रही टारिंग से शिकारी देवी सहित सराज के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों को जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। प्रशासन और विभाग की इस लापरवाही के चलते प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को टारिंग के चलते मार्ग पर बार-बार जाम में फंसना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के चलते लोगों के पसीने छूट रहे हैं। शनिवार और रविवार को मार्ग पर कई बार जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए। इस दौरान मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारों लग गईं। जाम में फंसे सूर्य बिहार दिल्ली के पर्यटक रजन और दीक्षा ने कहा कि वह शिकारी देवी घूमने के लिए जा रहे हैं, मगर जाम के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है। वहीं, बाहरी राज्यों से पहुंचे आशीष, राजश्री, मोहन लाल, सूर्यकांत, मोहित, विशाल आदि ने कहा कि विभाग और प्रशासन को मार्ग पर टारिंग की सूचना पहले देनी चाहिए थी, ताकि पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
उधर, एसडीएम जंजैहली ने कहा कि जाम की दिक्कत आ रही है, मगर स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है